थाई प्रधानमंत्री का समय पूर्व चुनाव कराने से इंकार
बैंकाक, 13 मई (आईएएनएस)। थाईलैंड में सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों द्वारा दो महीने से जारी आंदोलन को समाप्त करने से इंकार किए जाने के बाद थाईलैंड के प्रधानमंत्री अभिसित वेज्जाजीवा ने समय से पहले चुनाव कराने के एक प्रस्ताव को नकार दिया।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार युनाइटेड फ्रंड फॉर डेमोक्रेसी अगेंस्ट डिक्टेटरशिप (यूडीडी) के 12 मार्च से जारी प्रदर्शनों को समाप्त करने के लिए अभिसित ने पिछले सप्ताह 14 नवंबर को चुनाव कराने का प्रस्ताव दिया था।
समय पूर्व चुनाव कराने के लिए सरकार ने यूडीडी के सामने बैंकाक के मुख्य बाजार में चल रहे प्रदर्शनों को समाप्त करने की शर्त रखी थी।
प्रधानमंत्री के महासचिव कोरबसाक सभावसु ने बुधवार शाम को संवाददाताओं से कहा, "रेड शर्ट वालों के प्रदर्शन बंद करने से इंकार के बाद प्रधानमंत्री का प्रस्ताव वापस लेना उपयुक्त है।"
यूडीडी नेतृत्व ने पहले अभिसित के प्रस्ताव का स्वागत किया था लेकिन उन्होंने 10 अप्रैल को प्रदर्शनकारियों के दमन का आदेश देने वाले उप प्रधानमंत्री सुथेप थाउग्सुबान पर आपराधिक आरोप लगाए जाने तक प्रदर्शन समाप्त करने से इंकार कर दिया। इन झड़पों में 19 प्रदर्शनकारी,पांच सैनिक और एक विदेशी पत्रकार सहित 25 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications