बिहार सरकार के साथ काम करेगा गेट्स फाउंडेशन (लीड-2)
फाउंडेशन की तरफ से अशोक एलेक्जेंडर ने हस्ताक्षर किया वहीं सरकार की तरफ से स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव पी़ क़े मिश्रा ने हस्ताक्षर किया।
इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पहले चरण में फाउंडेशन राज्य के आठ जिलों में कार्य करेगा। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आज गेट्स से सवाल पूछने का नहीं बल्कि उन्हें धन्यवाद देने का दिन है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन कृषि और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य करेगा।
इस मौके पर गेट्स ने कहा कि वह बिहार आकर काफी रोमांचित हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की कृषि और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार लाना उनकी प्राथमिकता है।
राज्य के एक दिवसीय दौरे पर पटना आए बिल गेट्स ने मुख्यमंत्री के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि यहां के हजारों बच्चों ने उनसे मिलने का जो उत्साह दिखाया, उससे वह काफी खुश हैं।
विश्व के अमीर लोगों में शुमार गेट्स ने कहा कि बिहार में कृषि और स्वास्थ्य के क्षेत्र में वह सुधार चाहते हैं। वह मुख्य रूप से कालाजार, पोलियो तथा अन्य संक्रामक बीमारियों के उन्मूलन में बिहार सरकार की मदद करेंगे।
इससे पूर्व उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ करीब 45 मिनट तक बातचीत की। गेट्स अपने विशेष विमान से सुबह पटना पहुंचे थे और हेलीकॉप्टर से खगड़िया के अत्यंत पिछड़े गांव गुलेरिया मुसहरी तथा बांका जिले के तेतरिया गांव में जाकर लोगों से सीधे संवाद किया।
उन्होंने दोनों जगहों पर स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को नजदीक से जानने का प्रयास किया। उनके साथ बिल एंड मिलिन्डा गेट्स फाउंडेशन का पांच सदस्यीय दल भी था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications