चीन में स्कूल में हमला, 9 की मौत (लीड-2)
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने शांक्सी प्रांत के आपात प्रतिक्रिया कार्यालय के अधिकारियों के हवाले से कहा है कि वू हुआनमिंग नामक 48 वर्षीय ग्रामीण ने पांच बच्चों और दो बच्चियों तथा स्कूल के मालिक (अध्यापक), वू हांगयिंग को रसोई में मांस काटने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली छूरी से काट डाला। यह घटना बुधवार को स्थानीय समयानुसार लगभग सुबह आठ बजे घटी है।
यह घटना नानझेंग काउंटी के लिनचेंग गांव में निजीतौर पर चलाए जा रहे छोटे बच्चों के एक स्कूल में घटी है।
एक अधिकारी ने कहा कि हमले में घायल हुईं वू हांगयिंग की मां ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया। अधिकारी ने कहा कि इस हमले में 11 बच्चे घायल भी हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारी ने कहा है कि हमलावर वू हुआनमिंग इस हत्याकांड के बाद घर वापस आया और उसने आत्महत्या कर ली। हत्या के पीछे हमलावर का क्या मकसद था, इस बारे में तत्काल जानकारी नहीं मिल पाई है।
सरकार ने स्थानीय प्रशासन से कहा है कि वह प्रांत के स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था चुस्त कर दे।
उल्लेखनीय है कि मार्च महीने से लेकर चीन में छोटे बच्चों के स्कूलों में इस तरह का यह पांचवां हमला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications