लीबिया में विमान हादसे में 100 से ज्यादा मरे (लीड-3)
त्रिपोली, 12 मई (आईएएनएस)। लीबिया के त्रिपोली हवाई अड्डे पर बुधवार को अफ्रीकिया एयरवेज के एक यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई जबकि नौ वर्षीय एक डच बालक चमत्कारिक ढंग से बच गया।
सरकारी अफ्रीकिया एयरवेज का एयरबस 330 विमान जोहांसबर्ग से अपनी नियमित उड़ान पर था। त्रिपोली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते समय यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में चालक दल के 11 और 93 यात्रियों सहित 104 लोग सवार थे। घायल बच्चे को अल-सबाह अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
डच ट्रैवल एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (एएनडब्ल्यूबी)के अनुसार इस हादसे में कम से कम 61 डच नागरिकों की मौत हो गई। अन्य रपटों में कहा गया है कि हादसे में मरने वालों में 22 लीबियाई तथा ब्रिटिश और दक्षिण अफ्रीकी नागरिक शामिल हैं।
विमान में सवार बहुत से लोग लीबिया के रास्ते यूरोप जा रहे थे। डच प्रधानमंत्री ज्यां पीटर बाल्केनेडे ने कहा है कि वह त्रिपोली से मिल रही खबरों से स्तब्ध हैं। उन्होंने दिवंगत लोगों के करीबी संबंधियों को सरकार की ओर संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि डच अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और आवश्यक जानकारी तथा सहायता मुहैया करा रहे हैं।
लीबिया की सरकारी संवाद एजेंसी ने खबर दी है कि मलबे से 96 शव बरामद किए जा चुके हैं।
लीबिया के परिवहन मंत्री मोहम्मद जिदान ने हादसे के पीछे आतंकवादी हाथ होने की आशंका से इंकार किया है।
विमान निर्माता एयरबस ने हर प्रकार की तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
इससे पहले मौके पर मौजूद पत्रकारों ने जानकारी दी थी कि विमान पूरी तरह नष्ट हो गया है। विमान रनवे से 100 मीटर की दूरी पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे के कारणों का फौरन पता नहीं चल सका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications