पाकिस्तान में आतंकवादियों के 40 से ज्यादा शिविर : एंटनी
नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में अब भी 40 से अधिक आतंकवादी प्रशिक्षण शिविरों के सक्रिय होने का उल्लेख करते हुए रक्षा मंत्री ए.के.एंटनी ने बुधवार को पड़ोसी देश से कहा कि शांति वार्ता बहाली के लिए प्रतिबद्धता दिखाते हुए वह अपनी धरती पर मौजूद आतंकवादी ढांचे को ध्वस्त करे।
रक्षा मामलों के एक सम्मेलन से इतर एंटनी ने संवाददाताओं से कहा, "पाकिस्तान में 40 से अधिक आतंकवादी शिविर सक्रिय हैं। पाकिस्तान आतंकवादियों के खिलाफ कदम उठाए और आतंकवादी ढांचे को नष्ट करे।"
यह पूछे जाने पर कि क्या 29 अप्रैल को थिंपू में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के बीच मुलाकात के बाद से शांति प्रक्रिया बहाल हो गई है, एंटनी ने कहा, "आप पड़ोसियों को नहीं बदल सकते। हम शांति प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध हैं। पाकिस्तान के लिए अपनी बातों पर अमल करने का यह सबसे उचित समय है।"
उन्होंने कहा कि सीमा पार से संभावित घुसपैठ रोकने के लिए जम्मू एवं कश्मीर में सेना पूरी तरह सतर्क है।
उल्लेखनीय है कि विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने मंगलवार को कहा कि पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी से वार्ता के लिए वह 15 जुलाई को इस्लामाबाद जाएंगे। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदंबरम दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के गृह मंत्रियों के सम्मेलन में हिस्सा लेने इस्लामाबाद जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications