यूरोजोन बचाव पैकेज पर ईयू में सहमति
ब्रसेल्स, 10 मई (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ के वित्त मंत्री सोमवार सुबह ग्रीस जैसे संकट की स्थिति में फंसने पर सदस्य देशों की मदद के लिए एक स्थाई बचाव व्यवस्था कायम करने के समझौते पर सहमत हो गए।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार एशिया के बाजारों के खुलने से पहले यूरो की विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए यह त्वरित कदम उठाया गया है। व्यापारियों में यह आशंका फैल गई थी कि ग्रीस, स्पेन और पुर्तगाल जैसे सदस्य देशों को संभावित दिवालिएपन से बचाने में ईयू सक्षम नहीं होगा। इसके कारण यूरो की कीमत पिछले सप्ताह 14 महीनों के निम्नतम स्तर पर आ गई थी।
ईयू के राजनयिकों ने कहा कि समझौते के अनुसार भविष्य में बचाव कर्जो के लिए 500 अरब यूरो (637 अरब डॉलर) के विशेष कोष की स्थापना होगी। यूरोपीय आयोग इसके लिए 60 अरब यूरो और सदस्य देश 440 यूरो देंगे। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के इसके लिए सदस्य देशों के योगदान की कम से कम आधी रकम देने की उम्मीद है।
रविवार को ईयू के वित्त मंत्रियों की आपात बैठक में दिनभर चले नाटकीय घटनाक्रम के बाद यह समझौता सामने आया है। टोक्यो स्टॉक एक्सचेंज के खुलने के केवल नौ मिनट पहले ईयू के वित्त मंत्री समझौते पर राजी हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications