'पाकिस्तान से आतंकवाद को सहन नहीं करेगा अमेरिका'
वाशिंगटन, 10 मई (आईएएनएस)। अमेरिका ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है कि वहां से लोगों को प्रोत्साहित, निर्देशित, प्रशिक्षित करके अमेरिका पर हमले के लिए भेजा जाना सहन नहीं किया जाएगा और पाकिस्तान को साझा शत्रु आतंकवाद के खिलाफ तेज और कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
न्यूयार्क के टाइम्स स्क्वायर पर बम हमले के संदिग्ध के पाकिस्तानी तालिबान से संबंध होने की संभावना को देखते हुए विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने रविवार को सीबीएस चैनल पर कहा कि अमेरिका ने पाकिस्तान को बहुत साफ संदेश दिया है।
हिलेरी ने कहा, "यह दोनों के लिए साझा खतरा है। इसके खिलाफ कार्रवाई में देरी नहीं होनी चाहिए। हम जितनी तेजी से कड़ी कार्रवाई कर सकते हैं करें और लोगों को प्रोत्साहित, निर्देशित, प्रशिक्षित करके पाकिस्तान से हम पर हमले के लिए भेजा जाना बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।"
यह पूछे जाने पर कि क्या संदिग्ध फैसल शहजाद के पाकिस्तानी आतंकवादी समूह से संबंध हैं, हिलेरी ने कहा, "उसके संबंध है।"
उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर ये संबंध कितने गहरे, कितनी अवधि से हैं और उसे इस कार्रवाई के लिए प्रोत्साहित किया गया या नहीं, इन सभी सवालों का पता लगाने का प्रयास जारी है।
ओबामा प्रशासन के दो अन्य अधिकारियों के शहजाद के तालिबान से संबंध होने की बात का उल्लेख करने पर क्लिंटन ने दोहराया कि सबसे अधिक संभावना पाकिस्तान तालिबान के साथ रिश्तों की है।
इससे पहले अटार्नी जनरल एरिक होल्डर और ओबामा के शीर्ष आतंकवाद सलाहकार जान ब्रेन्नन ने विभिन्न चैनलों पर कहा कि जारी जांच से संकेत मिला है कि शहजाद के तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के साथ संबंध हैं।
यह पूछे जाने पर कि टाइम्स स्क्वेयर के विफल बम हमले के बाद पाकिस्तान के सहयोग से अमेरिका संतुष्ट है, क्लिंटन ने कहा, "हम अधिक सहयोग चाहते हैं और इस मामले में पाकिस्तान की प्रतिबद्धता में बदलाव दिखा है। हम और अधिक सहयोग की उम्मीद रखते हैं।"
हिलेरी ने कहा, "हमने स्पष्ट कर दिया है कि यदि इस तरह का कोई अन्य हमला हुआ और उसके संबंध पाकिस्तान से पाए गए तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।"
इसे और स्पष्ट करने के लिए कहे जाने पर हिलेरी ने कहा कि उन्होंने जो कहा वह अपने आप में स्पष्ट है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications