इराक हमले में 100 की मौत, 340 घायल (राउंडअप)
पुलिस, सेना, सरकारी मीडिया और प्रत्यक्षदर्शियों ने देश के विभिन्न हिस्सों में हुए हमलों की पुष्टि की है।
प्रत्यक्षदर्शियों और चिकित्सकों ने कहा कि बगदाद के दक्षिण 100 किलोमीटर दूर स्थित हिला शहर में एक कपड़ा कारखाने के पास दो कार बम में हुए विस्फोट के कारण कम से कम 55 लोग मारे गए और 22 घायल हो गए।
पुलिस ने कहा कि बगदाद के पश्चिम में अबु गरीब में एक व्यावसायिक सड़क पर खड़ी एक कार में हुए बम विस्फोट के कारण दो व्यक्ति मारे गए और 12 घायल हो गए। इस विस्फोट के कारण कई दुकानें और कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
इसके पहले सरकारी टेलीविजन ने खबर दी थी कि वासेत शहर में स्थित एक मस्जिद के पास हुए एक बम विस्फोट में आठ व्यक्ति मारे गए और 70 घायल हो गए।
इस हमले से पहले शहर के केंद्रीय बाजार में हुए एक बम विस्फोट में कम से कम 13 व्यक्ति मारे गए और 70 घायल हो गए।
बगदाद के उत्तर में स्थित अल-तरमेया इलाके में एक कार बम विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई और 16 घायल हो गए।
दक्षिणी बगदाद में पुलिस वाहन पर निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की मौत हो गई और छह पुलिसकर्मी घायल भी हो गए।
अल-खालेस प्रांत में हुए हमले में एक वरिष्ठ अधिकारी की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार प्रांतीय परिषद के प्रमुख लैथ हसन पर बंदूकधारियों ने हमला कर दिया था। सूत्रों के अनुसार हमलावरों का संबंध आतंकवादी संगठन अलकायदा से था।
इराक के अल-गाजालिया, अल -अदल और अल-जिहाद इलाकों में सैन्य चौकी पर हुए हमलों में पांच सैनिकों की मौत हो गई। हमले में छह सैनिक घायल भी हो गए।
बगदाद में बंदूकधारियों ने पांच सैनिकों की गोली मारकर हत्या कर दी। बगदाद से 60 किलोमीटर दक्षिण स्थित एलेक्जेंडिरिया में भी बम विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए।
मोसुल शहर में हुए आत्मघाती हमले में दो लोगों की मौत हो गई। उधर, फालुजा शहर में हुए सिलसिलेवार विस्फोटों में चार लोगों की मौत हो गई और 10 घायल हो गए।
उधर, बाकुबा शहर से इराकी सेना ने सात आतंकवादियों को गिरफ्तार किया और पांच विस्फोटक यंत्रों को निष्क्रिय कर दिया।
उप राष्ट्रपति अदेल अब्दुल-महादी ने कहा, "हम सभी राजनीतिक गुटों का आह्वान करते हैं कि वे देश के सर्वोत्तम हित में काम करें, इस संवेदनशील स्थिति में पूरी जिम्मेदारी निभाएं और एक ऐसी सरकार के गठन को गति प्रदान करें, जिसमें सभी पार्टियां शामिल हों।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications