ब्रिटेन में 25 मई तक सरकार का गठन जरूरी
समाचार पत्र 'द टेलीग्राफ' के मुताबिक प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता गॉर्डन ब्राउन, कंजरवेटिव पार्टी के नेता डेविड कैमरन और लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता निक क्लेग को 25 मई को होने वाले महारानी के अभिभाषण से पहले यह साबित करना होगा कि उन्हें हाउस ऑफ कॉमन्स का विश्वास हासिल है।
इससे पहले ब्रिटेन में ऐसा कोई लिखित दिशानिर्देश नहीं था कि चुनाव में किसी एक राजनीतिक दल को बहुमत नहीं मिलने की सूरत में क्या कदम उठाए जाने चाहिए। लेकिन त्रिशंकु संसद की स्थिति के आसार के बीच इस संबंध में साल के आरंभ से ही कैबिनेट सचिव गुस ओ'डोनेल नियम बना रहे हैं। नए दिशानिर्देश इस बात की कोशिश करने का प्रयास है कि त्रिशंकु संसद की स्थिति में देश को फिर से चुनाव का सामना न करना पड़े।
चुनाव परिणामों और हाउस ऑफ कॉमन्स की बैठक के बीच की अवधि भी इसलिए लंबी रखी जाती है ताकि इस दौरान मुख्य राजनीतिक दल सरकार बनाने को लेकर किसी करार पर पहुंच सकें।
ब्रिटेन की 650 सीटों वाली संसद में सरकार बनाने के लिए किसी दल या गठबंधन को 326 सीटों की जरूरत होती है। इस बार के चुनाव में कंजरवेटिव पार्टी 306 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है लेकिन बहुमत के जादुई आंकड़े से वह 20 सीट दूर है। ऐसे में कंजरवेटिव पार्टी 57 सीटें जीतकर आई लिबरल डेमेक्रेटिक पार्टी के साथ मिलकर सरकार बनाने की कोशिशें कर रही है। दोनों दलों के बीच इस सिलसिले में बातचीत जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications