गोवा पुलिस नहीं कर रही संपर्क की कोशिश : मॉडल
इस मॉडल के जासूसी कैमरे से लिए गए वीडियो से ही इजरायल के एक कुख्यात नशीले पदार्थ माफिया-पुलिस-राजनेताओं के गठजोड़ का खुलासा होने के बाद मार्च में गोवा में कई गिरफ्तारियां हुई थीं।
तैंतीस वर्षीय मॉडल लकी फार्महाउस इजरायली माफिया यानिव बीनेम उर्फ अटाला की पूर्व प्रेमिका हैं। उनके जासूसी कैमरे से लिए गए वीडियो में अटाला और पुलिस व राजनेताओं के गठजोड़ का खुलासा हुआ था।
इसके बाद एक पुलिस इंस्पेक्टर आशीष शिरोडकर सहित छह पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी हुई थी। शिरोडकर पहले नशीले पदार्थ विरोधी कार्रवाईयों का प्रमुख था।
फार्महाउस ने हाल ही में एक ई-मेल साक्षात्कार में कहा था कि उनके पास एक वीडियो है जिसके जरिए गोवा के एक प्रमुख राजनेता के बेटे और माफिया के बीच संबंध को साबित किया जा सकता है। अब फार्महाउस का कहना है कि गोवा पुलिस इस गठजोड़ की जांच के लिए उनसे मुलाकात करने की इच्छुक नहीं दिख रही है।
फार्महाउस ने हाल ही में (नौ मई को) अपनी वेबसाइट 'लकी डॉट एनयू' के जरिए कहा है, "अब तक इस मामले में पुलिस या इंटरपोल की रुचि का कोई प्रमाण नहीं मिला है। मैंने महीनों पहले समाचार पत्रों में पढ़ा था कि गोवा पुलिस को मुझे ढूंढ़ने में परेशानी हो रही है. लेकिन अब तक मुझसे किसी ने मुलाकात नहीं की है। मुझसे संपर्क करना बहुत आसान है। खासकर तब जबकि वे जानते हैं कि मैं कहां रहती हूं, मेरा फोन नंबर क्या है और मेरा ई-मेल पता क्या है।"
फार्महाउस गोवा पुलिस की उन्हें न ढूंढ़ पाने की बात को हास्यास्पद मानती हैं। कुछ समय पहले वह एक बॉलीवुड फिल्म की शूटिग के लिए मुंबई में थीं।
अपराध शाखा के पुलिस उप अधीक्षक चंद्रकांत सलगांवकर ने अब कहा है कि राज्य पुलिस ने इस मामले में इंटरपोल से संपर्क किया है।
विपक्ष के जांच प्रक्रिया को बाधित करने के आरोपों का सामना कर रहे सलगांवकर ने कहा है, "हम उनसे संपर्क की कोशिश कर रहे हैं। हमने इंटरपोल से भी संपर्क किया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications