मध्य भारत में तापमान बढ़ने के आसार
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर प्रदेश, हरियाणा, झारखण्ड, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री की कमी आई है। गंगा के मैदानी भागों और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में हालांकि अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, बिहार, झारखण्ड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले 48 घंटों में आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चण्डीगढ़ और राजस्थान में अगले 24 घंटे के दौरान धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर के असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 24 घंटों में बारिश हो सकती है।
इसके अलावा पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की आशंका है। केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह और आंध्र प्रदेश में भी बारिश की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।