जयराम रमेश को आलोचनात्मक टिप्पणी न करने की सलाह (लीड-1)
उधर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री से रमेश के खिलाफ कार्रवाई की मांग की वहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने रमेश को अधिक सचेत और व्यवहारकुशल ' होने की सीख दी लेकिन पार्टी ने उनका इस्तीफा मांगने से इंकार कर दिया।
प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि सिंह ने रमेश से बात कर उनके द्वारा की गई टिप्पणी पर नाखुशी जताई और उन्हें अन्य मंत्रालयों के कामकाज पर सार्वजनिक और आलोचनात्मक टिप्पणी करने से बचने की सलाह दी। सिंह ने रमेश से कहा कि भारत की चीन नीति पर उनको कोई संशय नहीं होना चाहिए।
जलवायु परिवर्तन पर आयोजित एक अंतर्राष्ट्रीय बैठक में शामिल होने बीजिंग गए रमेश ने कहा था, "भारत के सुरक्षा प्रतिष्ठानों के संदेहास्पद रुख के चलते दोनों पड़ोसी देशों के संबंधों में दरार पैदा हो रही है।"
चीनी कंपिनयों के भारत के निवेश के संबंध में गृह मंत्रालय पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा था कि वह आवश्यकता से अधिक रक्षात्मक और चौकस रुख अपनाए हुए हैं।
रमेश के इस बयान को कांग्रेस नेतृत्व ने भी गंभीरता से लिया है। पार्टी प्रवक्ता शकील अहमद ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "रमेश स्वदेश लौट आएं। चीजें स्पष्ट होने के बाद ही हम उस पर प्रतिक्रिया देंगे।"
निजी बातचीत में कांग्रेस नेता रमेश की टिप्पणी की आलोचना जरूर कर रहे हैं। पार्टी के एक नेता ने बताया, "पार्टी नेतृत्व उनकी इस टिप्पणी से नाराज है। रमेश को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी पड़ेगी।"
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने संवादाताओं से बातचीत में कहा, "बतौर केंद्रीय मंत्री उनका बयान आपत्तिजनक है। उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। हम उम्मीद करते हैं कि प्रधानमंत्री उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।"
उन्होंने कहा कि रमेश ने चीनी कंपनियों का पक्ष रखते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं। इसकी जितनी निंदा की जाए वह कम है। "यह अस्वीकार्य है।"
रमेश ने बीजिंग दौरे में केंद्रीय गृह मंत्रालय और देश के सुरक्षा प्रतिष्ठानों की आलोचना की थी। उन्होंने देश में चीनी कंपनियों के निवेश के संबंध में गृह मंत्रालय पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि वह आवश्यकता से अधिक रक्षात्मक और चौकस रूख अपनाए हुए है।
भाकपा के राष्ट्रीय परिषद के सचिव शमीम फैजी ने आईएएनएस से कहा, "जयराम को और अधिक सचेत और व्यवहारकुशल होना चाहिए।"
फैजी ने कहा कि इस मुद्दे पर इस्तीफा मांगना 'कड़ा कदम' माना जाएगा। उन्होंने कहा कि भाकपा मंत्री से इस्तीफा नहीं मांग रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications