मप्र के 4 सांसदों पर लंबित हैं आपराधिक मामले
भोपाल, 10 मई (आईएएनएस)। पिछले आम चुनाव में मध्य प्रदेश से जिन 429 उम्मीदवारों ने लोकसभा चुनाव लड़ा था, उनमें से 10 प्रतिशत उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले लंबित थे और उनमें से चार ने जीत दर्ज कराई थी।
एक गैर सरकारी संगठन, नेशनल इलेक्शन वॉच की प्रदेश इकाई, मध्य प्रदेश इलेक्शन वॉच के एक अध्ययन के अनुसार कुल 42 उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले लंबित होने की बात कही थी।
संस्था की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता राकेश रंजन ने आईएएनएस को बताया, "इन 42 उम्मीदवारों में से 26 उम्मीदवारों पर हत्या, हत्या की कोशिश, अपहरण, डकैती, हफ्ता वसूली जैसे कुल 89 गंभीर मामले थे।" चुनाव जीतने वाले चार उम्मीदवारों में से दो के ऊपर गंभीर आपराधिक मामले हैं।
लेकिन आपराधिक मामलों का सामना करने वाले विजयी उम्मीदवारों की संख्या में पिछले आम चुनाव की तुलना में इस बार गिरावट आई है। वर्ष 2004 के आम चुनाव में गंभीर आपराधिक मामलों वाले सात उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कराई थी, जबकि 2009 के आम चुनाव में मात्र चार आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवार ही विजयी हुए हैं।
रंजन ने कहा कि इस अध्ययन का एक अन्य महत्वपूर्ण निष्कर्ष इस बात का संकेत करता है कि 429 उम्मीदवारों में से 43 उम्मीदवार करोड़पति थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications