कृष्णा, कुरैशी के बीच फोन वार्ता मंगलवार को संभव
विदेश विभाग के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, "दोनों प्रधानमंत्रियों ने अपने विदेश सचिवों और विदेश मंत्रियों को जितना शीघ्र संभव हो मिलने को कहा है।"
पाकिस्तान ने कहा कि दोनों पक्ष विदेश मंत्रियों के बीच टेलीफोन वार्ता के लिए उचित समय तय करने का प्रयास कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा के मंगलवार दोपहर कजाकिस्तान के लिए रवाना होने से पहले टेलीफोन वार्ता हो सकती है।
एक उच्च पदस्थ स्रोत ने आईएएनएस से कहा कि टेलीफोन वार्ता के मंगलवार को होने की पूरी संभावना है।
दोनों मंत्रियों के बीच शुक्रवार को वार्ता होने की उम्मीद थी। कृष्णा ने राज्यसभा में गुरुवार को कहा था कि वह पाकिस्तानी विदेश मंत्री से शुक्रवार को चर्चा करेंगे। बहरहाल पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के शुक्रवार को कहीं और व्यस्त रहने से टेलीफोन वार्ता नहीं हो पाई।
सूत्रों के अनुसार कुरैशी को कृष्णा द्वारा वार्ता के लिए भारत आने का निमंत्रण मिलने की संभावना है। इसके लिए तिथि निर्धारित करने का भी प्रयास जारी है। संभवत: इस महीने के अंत में यह बैठक हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications