प्रधानमंत्री ने रमेश को दी नसीहत
प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि सिंह ने रमेश से बात कर उनके द्वारा की गई टिप्पणी पर नाखुशी जताई और उन्हें अन्य मंत्रालयों के कामकाज पर सार्वजनिक और आलोचनात्मक टिप्पणी करने से बचने की सलाह दी।
सूत्रों ने बताया कि सिंह ने रमेश से कहा कि भारत की चीन नीति पर कोई संशय नहीं होना चाहिए।
ज्ञात हो कि रमेश ने चीन दौरे पर केंद्रीय गृह मंत्रालय और देश के सुरक्षा प्रतिष्ठानों की आलोचना की थी।
जलवायु परिवर्तन पर आयोजित एक अंतर्राष्ट्रीय बैठक में शामिल होने बीजिंग गए रमेश ने कहा था, "भारत के सुरक्षा प्रतिष्ठानों के संदेहास्पद रुख के चलते दोनों पड़ोसी देशों के संबंधों में दरार पैदा हो रही है।"
चीनी कंपिनयों के भारत के निवेश के संबंध में गृह मंत्रालय पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा था कि वह आवश्यकता से अधिक रक्षात्मक और चौकस रुख अपनाए हुए है।
रमेश के इस बयान को कांग्रेस नेतृत्व ने भी गंभीरता से लिया है। पार्टी ने हालांकि आधिकारिक तौर पर यह कहा है कि उनके स्वदेश लौटने के बाद ही वह इस पर प्रतिक्रिया देगी।
पार्टी प्रवक्ता शकील अहमद ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "रमेश स्वदेश लौट आएं। चीजें स्पष्ट होने के बाद ही हम उस पर प्रतिक्रिया देंगे।"
निजी बातचीत में कांग्रेस नेता रमेश की टिप्पणी की आलोचना जरूर कर रहे हैं। पार्टी के एक नेता ने बताया, "पार्टी नेतृत्व उनकी इस टिप्पणी से नाराज है। रमेश को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी पड़ेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications