उत्तर भारत में अधिकतम तापमान में गिरावट (लीड-1)
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान औसत से छह डिग्री, बिहार, झारखण्ड, उत्तरी छत्तीसगढ़, उड़ीसा और हरियाणा के कुछ हिस्सों में दो से तीन डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान देश का सबसे गर्म स्थान वर्धा (महाराष्ट्र) रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी ने जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, बिहार, झारखण्ड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले 48 घंटों में आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
आईएमडी के अनुसार पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले 24 घंटों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की आशंका है। केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप, अंडमान निकोबार द्वीप और आंध्र प्रदेश में भी बारिश की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान मध्य, पूर्व और पश्चिमोत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में बदलाव के आसार नहीं हैं।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में रविवार को अधिकतम तापमान में वृद्धि के आसार हैं। आईएमडी के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। वातावरण में नमी का स्तर 31 से 61 प्रतिशत के बीच रहने की उम्मीद है। आईएमडी के अनुसार आंशिक बादल छाए रहने के बावजूद बारिश के आसार नहीं हैं।
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश की वजह से अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में कानपुर का अधिकतम तापमान 35.5, आगरा 36.6, गोरखपुर 35.9, इलाहाबाद, 39.0 और लखनऊ का 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान प्रदेश का सबसे गर्म स्थान झांसी रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश के आसार जताए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications