बेटी की हत्या करने वाला पिता गिरफ्तार
कौशांबी जिले के भरवाली थाना क्षेत्र के खलीलाबाद गांव निवासी बच्चूलाल कोरी की पुत्री सोनी (18) गांव के एक युवक से प्यार करने लगी थी। जब बच्चूलाल को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने शनिवार को अपने दो भाइयों के साथ मिलकर सोनी की गड़ासे से काटकर हत्या कर दी।
भरवारी थाना प्रभारी एस.के. सिंह ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि बच्चूलाल ने शनिवार देर रात आत्मसमर्पण कर दिया, लेकिन घटना में शामिल उसके दो भाई फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
उधर मेरठ शहर के करखेड़ा के श्रद्धापुरी में रहने वाले उपनिरीक्षक सुरेशपाल सिंह की बेटी पारुल बीआईटी इंस्टीट्यूट से एमबीए कर रही थी। यहां सहपाठी दलीप सिंह पंवार से उसे प्यार हो गया। पारुल दो दिन से घर से गायब थी। इस दौरान उसने मंदिर में शादी कर ली और फिर बाद में गुरुवार को गाजियाबाद अदालत में शादी को रजिस्टर्ड भी करा लिया। इसी बात से खफा होकर पिता सुरेशपाल ने उसे शनिवार को छत से धक्का दे दिया।
गंभीर हालत में पारुल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पहले पारुल ने कहा था कि उसके पिता ने उसे छत से धक्का दे दिया जिस कारण वह घायल हो गई।
मेरठ पुलिस के प्रवक्ता नागेश कुमार ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि पारुल ने रविवार को पुलिस को लिखित रूप से कहा कि पैर फिसलने के कारण वह छत से गिर गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications