टाइम्स स्क्वे यर बम साजिश के पीछे पाक तालिबान का हाथ : अमेरिका (लीड-1)
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 9 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के दो शीर्ष अधिकारियों ने रविवार को कहा है कि टाइम्स स्क्वे यर में बम विस्फोट की विफल साजिश रचने में पाकिस्तानी तालिबान संलिप्त रहा है। इस साजिश के संबंध में पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी संदिग्ध फैजल शहजाद को गिरफ्तार किया गया है।
अटार्नी जनरल ऐरिक होल्डर ने एनबीसी के 'प्रेस से मिलिए' कार्यक्रम में तथा एबीसी के टाक शो 'दिस वीक' में कहा कि पाकिस्तान स्थित तालिबान ने इस साजिश को निर्देशित किया था।
होल्डर ने कहा कि तालिबान ने इस साजिश को रचा और संभवत: इसके लिए वित्तीय मदद भी मुहैया कराई। उन्होंने कहा, "हमने अब ऐसा सबूत हासिल कर लिया है, जिससे पता चलता है कि इस हमले के पीछे पाकिस्तानी तालिबान का हाथ रहा है।"
होल्डर ने यह भी कहा कि वह मानते हैं कि विदेशी आतंकी संगठनों के लिए काम करने वाले अमेरिकियों की नागरिकता समाप्त करने से संबंधित प्रस्ताव के साथ संवैधानिक समस्या है।
इसके पहले राष्ट्रपति बराक ओबामा के आतंकी मामलों के शीर्ष सलाहकार ने कहा कि टाइम्स स्क्वे यर में बम रखने वाला पाकिस्तानी मूल का अमेरिकी संदिग्ध संभवत: पाकिस्तान में तालिबानी आतंकियों के साथ काम कर रहा था।
आतंक निरोधी और घरेलू सुरक्षा के मामलों के लिए राष्ट्रपति के सहायक, जॉन ब्रेनन ने सीएनएन के 'स्टेट ऑफ द यूनियन' को बताया कि मामले में जारी जांच से संकेत मिला है कि फैजल शहजाद का तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से संबंध है।
ब्रेनन ने कहा है, "ऐसा लगता है कि शहजाद पाकिस्तानी तालिबान के लिए काम कर रहा था। जांच से मिली जानकारी हमारे सामने खड़े गंभीर खतरे को रेखांकित करती है। यह खतरा एक बहुत ही खतरनाक शत्रु से है।"
ब्रेनन का बयान ऐसे समय में आया है, जब इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि टीटीपी ने हमले की साजिश रची है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications