आगरा के आलोक शर्मा ब्रिटिश सांसद बने
आगरा, 9 मई (आईएएनएस)। आगरा में पैदा हुए आलोक शर्मा, ब्रिटेन संसदीय चुनाव में जीत दर्ज करा कर ब्रिटिश सांसद बन गए हैं। शर्मा की जीत की खबर के बाद ताज नगरी, आगरा में उत्सव का माहौल है।
शर्मा ने कंजरवटिव पार्टी के उम्मीदवार के रूप में बर्कशायर के रीडिंग वेस्ट से लेबर पार्टी के उम्मीदवार को भारी मतों से पराजित किया है।
शर्मा ने लेबर पार्टी के नाज सरकार को 6,004 मतों से पराजित किया है।
आगरा के कोठी मीना बाजार इलाके में स्थित शर्मा के पैतृक घर में एक प्रार्थना सभा आयोजित की गई और लोगों को मिठाइयां बांटी गईं।
शर्मा के चचेरे भाई विश्वनाथ, जोकि राजा की मंडी रेलवे स्टेशन में डिप्टी स्टेशन मास्टर हैं, ने आईएएनएस को बताया, "नस्लीय ब्रिटिश समाज में कंजरवेटिव पार्टी का टिकट पाना और जीत दर्ज कराना कोई मजाक का काम नहीं है।"
विश्वनाथ ने कहा, "यद्यपि आलोक काफी समय पहले ही अपने परिवार के साथ ब्रिटेन जाकर बस गए थे, लेकिन वह हम लोगों से मिलने आते रहते हैं। आलोक अभी दिसंबर में हमसे मिलने आए थे। वह अलीगढ़ में हमारे पैतृक गांव में परिवार द्वारा स्थापित किए जा रहे धर्मार्थ अस्पताल में काफी रुचि ले रहे हैं।"
विश्वनाथ ने कहा कि आलोक एक बहुत अच्छे लेखक भी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications