साइबेरिया में खदान विस्फोट, 11मरे (लीड-1)
केमेरोवो (रूस), 9 मई (आईएएनएस)। रूस के पश्चिमी साइबेरियाई क्षेत्र में कोयला खदान में दो विस्फोटों में 11 खनिकों की मौत हो गई जबकि 41 जख्मी हो गए।
समाचार एजेंसी आरआईए नावोस्ती ने रूस के आपातकालीन मामलों के मंत्रालय के एक प्रवक्ता के हवाले से रविवार को बताया कि 64 खनिक और बचाव दल के 20 सदस्य अभी इसमें फंसे हुए हैं।
जांचकर्ताओं को संदेह है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी की वजह से यह दुर्घटना हुई।
आपातकालीन मामलों के मंत्रालय के अधिकारी येलेना कलाबुशकिना ने बताया शनिवार को केमेरोवो स्थित रासद्सकाया कोयला खदान में स्थानीय समयानुसार रात 8.55 बजे यह विस्फोट हुआ। विस्फोट के दौरान खदान में तकरीबन 359 व्यक्ति थे।
रूसी जांच समिति की प्रवक्ता नताल्या अनायेवा ने बताया कि विस्फोट के बाद 282 खनिकों को बचा लिया गया।
बचाव कार्यकर्ताओं के 12 दलों ने खदान में फंसे कुछ लोगों से संपर्क स्थापित कर लिया है।
आपातकालीन मामलों के मंत्री सर्गेई शोइगू ने राष्ट्रपति दमित्रि मेदेवदेव को घटना से अवगत करा दिया है।
क्रेमलिन प्रेस सर्विस के मुताबिक राष्ट्रपति ने खदान में फंसे कर्मचारियों को बचाने के लिए सभी हरसंभव प्रयास करने को कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications