व्यापार स्वार्थ से निर्देशित न हो : यूनुस
ढाका, 9 मई (आईएएनएस)। बांग्लादेश के नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस ने वैश्विक गरीबी और सामाजिक अन्याय से निपटने के लिए समाज आधारित व्यापार की स्थापना का आह्वान करते हुए कहा कि निजी स्वार्थो के कारण पूरी दुनिया में सामाजिक-आर्थिक समस्याएं पैदा हो रही हैं।
यूनुस ने एक व्याख्यान में कहा, "यदि हम निस्वार्थ आधार पर व्यापार स्थापित करें तो हम एक दूसरी तरह की दुनिया बना सकते हैं।"
समाचार पत्र डेली स्टार के अनुसार यूनुस ने कहा कि व्यापार का मूल स्वार्थ है और इसने पूरी दुनिया में सामाजिक-आर्थिक समस्याएं पैदा की हैं।
नोबेल पुरस्कार विजेता ने कहा कि गरीबी पैसे का सवाल नहीं है, यह ढांचे से जुड़ा एक सवाल है।
उन्होंने कहा कि गरीबी का निर्माण गरीबों ने नहीं किया है। यह किसी और की गलती का परिणाम है जो उन पर थोप दी गई है।
लघु ऋण क्षेत्र के अग्रणी कार्यकर्ता यूनुस ने कहा कि अधिकतम लाभ की प्रवृत्ति ने भोजन और ईंधन संकट जैसी कई समस्याओं को पैदा किया है।
यूनुस ने कहा कि तीन दशक पहले स्थापित ग्रामीण बैंक अमेरिका जैसे देशों में भी लोकप्रिय हो रहा है जहां वित्तीय संकट के कारण बैंक दिवालिया हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि परंपरागत बैंकिंग का ढांचा गलत है क्योंकि यह गरीबों और महिलाओं की सेवा से इंकार करता है, जिनको इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, "लोग मेरी आलोचना करते हैं लेकिन मेरा मानना है कि समस्या को हल करने का केवल यही एक रास्ता है। आप समस्याओं को हल करने के लिए एक कंपनी बनाएं न कि खुद के लिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
