राम मंदिर निर्माण पर विहिप ने बुलाई बैठक
नई दिल्ली। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) वर्ष 1992 के बाद पहली बार राम मंदिर निर्माण पर एक बैठक रख रही है। बैठक की तिथि आगामी 12 जुलाई को अयोध्या में तय की गयी है। विहिप की इस बैठक का उद्देश्य राम मंदिर निर्माण की व्यापक कार्ययोजना तैयार करना है।
विहिप की दिल्ली इकाई के मीडिया प्रमुख विनोद बंसल ने बताया " बैठक में विहिप के केंद्रीय पदाधिकारी और विभिन्न राज्यों के प्रमुख भाग लेंगे। यह बैठक चार दिन तक चलेगी। बैठक का उद्देश्य राम की जन्मस्थली पर बनने वाले भव्य मंदिर के निर्माण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करना है।"
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों हरिद्वार में संपन्न हुए विहिप के केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की बैठक में राम मंदिर आंदोलन को फिर से हवा देने की देश भर के साधु-संतों में सर्वसम्मति बनी थी। विहिप ने सोमनाथ की तर्ज पर संसद से कानून पारित करवाकर राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने की मांग की थी। मंदिर आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए विहिप ने अगस्त महीने में देश भर में हनुमत जागरण आयोजित करने का भी ऐलान किया है।













Click it and Unblock the Notifications