झारखंड में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा

झारखंड में भारतीय जनता पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के बीच सरकार गठन को लेकर समझौता हो गया है. इसके अनुसार वहाँ जल्दी ही भाजपा का मुख्यमंत्री होगा.
भाजपा नेता अनंत कुमार ने दिल्ली में पत्रकारों को बताया, "भाजपा के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनाने का निर्णय लिया गया है. जेएमएम और भाजपा ने ये फ़ैसला किया है कि झारखंड को राष्ट्रपति शासन से बचाने के लिए जल्द ही भाजपा का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा. "
उनका कहना था कि एनडीए स्थिर और विकासशील सरकार बनाएगी जो अपना कार्यकाल पूरा करेगी.
अनंत कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री कौन होगा इसका फ़ैसला 10 मई को भाजपा की संसदीय बोर्ड की बैठक में किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि इस बैठक में सरकार की रुपरेखा के बारे में भी निर्णय लिया जाएगा.
ग़ौरतलब है कि हाल ही में संसद में कटौती प्रस्ताव में झारखंड के मुख्यमंत्री शिबू सोरेने ने यूपीए सरकार समर्थन किया था. जबकि वो भाजपा के सहयोग से अपने राज्य की सरकार चला रहे हैं.
इस घटना के बाद पिछले कुछ दिनों में तेजी से घटनाक्रम बदला है.
पहले भाजपा के संसदीय बोर्ड ने शिबू सोरेन सरकार से समर्थन वापस लेने का फ़ैसला किया था लेकिन बाद में इस निर्णय को स्थगित कर दिया गया था.
इसके बाद से वहाँ राजनीतिक असमंजस की स्थिति थी.
शिबू सोरेन के बेटे हेमंत सोरेने ने बाक़ायदा भाजपा से इस बात के लिए माफ़ी मांगी थी कि उनके पिता और मुख्यमंत्री शिबू सोरेने ने कटौती प्रस्ताव पर यूपीए का साथ दिया.
कांग्रेस ने इस घटनाक्रम के बाद शिबू सोरेन को समर्थन देने में कोई रुचि नहीं दिखाई थी.












Click it and Unblock the Notifications