धूमल ने प्रधानमंत्री से औद्योगिक पैकेज बढ़ाने का आग्रह किया
नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ शनिवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की।
इस दौरान धूमल ने राज्य के लिए औद्योगिक पैकेज की वास्तविक अवधि को मार्च 2013 तक बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री से आग्रह किया। मुलाकात के दौरान सांसद शांता कुमार तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष खिमि राम शर्मा शामिल थे।
हिमाचल प्रदेश के लिए औद्योगिक पैकेज की घोषणा जनवरी 2003 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा की गई थी।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान धूमल ने आग्रह किया कि प्रदेश को उत्तर पूर्वी पहाड़ी राज्यों की तर्ज पर आबकारी शुल्क में छूट 31 मार्च 2013 तक बहाल की जाए। केंद्र सरकार द्वारा उत्तर पूर्वी राज्यों के लिए इन प्रोत्साहनों को वर्ष 2017 तक बढ़ाया गया है।
धूमल ने कहा कि प्रदेश के लिए घोषित मूल औद्योगिक पैकेज में आबकारी शुल्क में छूट की अवधि की समाप्ति तिथि का कोई उल्लंघन नहीं किया गया है लेकिन बाद में 2 अगस्त, 2005 को अधिसूचना के तहत इसके लिए 31 मार्च 2007 कट ऑफ तिथि निर्धारित की गई जिसे बाद में 31 मार्च, 2010 तक बढ़ाया गया।
मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात के दौरान मनमोहन सिंह से औद्योगिक प्रोत्साहनों को 31 मार्च, 2013 तक शीघ्र बढ़ाने की अपील की।
धूमल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों में नए औद्योगिक निवेश प्रस्तावों को आकर्षित करने के लिए व्यापक अधोसंरचना का सृजन किया है। विशेष औद्योगिक पैकेज की आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी औद्योगिक एवं अन्य नीतियों में भी जरूरी फेरबदल किया है।
मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री सिंह ने मुख्यमंत्री धूमल को आश्वासन दिया कि वे प्रदेश सरकार की सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेंगे। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वह वित्तमंत्री को इस संबंध में सकारात्मक कार्रवाई करने के लिए कहेंगे।
मनमोहन सिंह ने कहा कि जल विद्युत परियोजनाओं में सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार हिमाचल प्रदेश को उसके न्यायोचित हिस्सा दिलवाने के लिए ही शीघ्र कार्रवाई करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications