नक्सलियों ने सीआरपीएफ वाहन उड़ाया, 7 जवान शहीद (राउंडअप)
राज्य के पुलिस महानिदेशक विश्वरंजन ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "नक्सलियों ने कोरेताल के जंगली इलाके में एक बुलेट प्रूफ वाहन को बारूदी सुरंग विस्फोट के जरिये उड़ा दिया। हमले में कम से कम सात जवान मारे गए।"
बारूदी सुरंग विस्फोट के समय पास से एक मोटरसाइकिल से गुजर रहे दो नागरिक घायल हो गए हैं।
विश्वरंजन ने कहा कि हमले में मारे गए जवान सीआरपीएफ की 168वीं बटालियन के थे। जवान आवापल्ली में सीआरपीएफ के विभिन्न शिविरों में राशन वितरण के बाद वापस बीजापुर लौट रहे थे।
बीजापुर, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगभग 480 किलोमीटर दूर स्थित है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने इसे कायराना हरकत करार दिया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा सीआरपीएफ दल ने युद्ध के नियमों की अनदेखी की जिसकी वजह से वे नक्सलियों के हमलों का निशाना बने।
उन्होंने कहा कि मुझे आश्चर्य हो रहा है कि हमले की आशंका के बावजूद जवान लड़ाई की तैयारी से लैस नहीं थे। जितनी संख्या में वे थे वह भी युद्ध के नियमों की घोर लापरवाही है।
घटनास्थल से 10 किलोमीटर की दूरी पर बीजापुर में स्थित दर्जनों पुलिसकर्मियों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
यह हमला राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में हुआ है। इसी क्षेत्र में 16 अप्रैल को नक्सलियों ने सीआरपीएफ के 76 जवानों की हत्या कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications