अमेरिका की पाकिस्तान को 'गंभीर परिणामों' की चेतावनी
वाशिंगटन, 8 मई (आईएएनएस)। अमेरिका ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है कि यदि टाइम्स स्क्वेयर में विस्फोट की साजिश जैसी कोशिश उसके देश में हुई और उस साजिश के तार उसके यहां पाए गए तो उसे 'गंभीर परिणामों' का सामना करना पड़ेगा।
पाकिस्तान को यह चेतावनी अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने दी है। वैसे उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जंग में पाकिस्तान सहयोग कर रहा है लेकिन इसे बढ़ाने की जरूरत है।
क्लिंटन ने एक टेलीविजन कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि टाइम्स स्क्वेयर जैसे मामले फिर सामने आते हैं तो पाकिस्तान को इसके लिए गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
टाइम्स स्क्वेयर में विस्फोट की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार पाकिस्तानी मूल के नागरिक शहजाद फैसल ने स्वीकार किया है कि उसे पाकिस्तान में प्रशिक्षण मिला था। जांचकर्ताओं को संदेह है कि उसका संबंध पाकिस्तानी तालिबान या कश्मीरी इस्लामिक गुटों से हो सकता है।
क्लिंटन ने कहा, "हमें पाकिस्तान सरकार से सहायता मिल रही है और उनकी प्रतिबद्धता में बड़ा परिवर्तन आया है लेकिन हमें और सहयोग चाहिए। सेना, सरकार और खुफिया सेवाओं के साथ हमारे बेहतर संबंध हैं।"
उधर, अमेरिकी रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स ने अमेरिका, पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ जंग में सहायता देने की पेशकश की है। उन्होंने कहा, "हम पाकिस्तान को प्रशिक्षण देने के लिए तैयार हैं, हम उनके साथ अभ्यास कर सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications