उड़ीसा में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़
भुवनेश्वर, 8 मई (आईएएनएस)। उड़ीसा के कोरापुट जिले के एक जंगली इलाके में शनिवार शाम नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। एक अधिकारी ने बताया कि इस मुठभेड़ में कोई सुरक्षाकर्मी घायल नहीं हुआ।
खुफिया विभाग के एक अधिकारी के अनुसार नक्सलियों के छिपे होने की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने जंगलों में धावा बोला जहां नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
खुफिया विभाग के निदेशक प्रकाश मिश्रा ने आईएएनएस को बताया, "कुछ नक्सलियों के घायल होने की आशंका है लेकिन इस बारे में हमें पुख्ता जानकारी नहीं है।"
उन्होंने बताया कि गोलीबारी करीब आधे घंटे तक चली।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षों बलों की तैनाती को लेकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक उच्च स्तरीय दल द्वारा राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक के ठीक एक दिन बाद यह मुठभेड़ हुई है।
राज्य के चार दक्षिणी जिलों कोरापुट, गजपति, रायगाडा और मल्कानगिरी में नक्सल विरोधी अभियान के लिए केंद्र सरकार ने राज्य को पहले ही अर्धसैनिक बलों की पांच बटालियन और एक हेलीकॉप्टर दे रखा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications