त्रिनिदाद में भारतीय मूल के राजनीतिज्ञ को धमकी
पारस रामौतार
पोर्ट-ऑफ-स्पेन, 8 मई (आईएएनएस)। त्रिनिदाद में चुनाव से पूर्व भारतीय मूल के एक राजनीतिज्ञ को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। यह धमकी भारतीय मूल की महिला राजनीतिज्ञ, कमला प्रसाद-बिसेसर को दी गई है।
बिसेसर एक गठबंधन का नेतृत्व करती हैं और त्रिनिदाद एवं टोबैगो के चुनाव में उनकी जीत की संभावना है।
पुलिस ने कहा है कि प्रसाद-बिसेसर के रिंजी कॉम्प्लेक्स स्थित कार्यालय में बुधवार की शाम एक गुमनाम व्यक्ति ने फोन किया। कहा जा रहा है कि संभावित हत्यारे को इस काम को अंजाम देने के लिए 10 लाख अमेरिकी डॉलर की सुपारी दी गई है।
त्रिनिदाद एवं टोबैगो के इतिहास में पहली दफा ऐसा हुआ है, जब किसी राजनीतिज्ञ को जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस इस मामले को हल्के में नहीं ले रही है। पुलिस ने प्रसाद-बिसेसर के लिए 24 घंटे सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। प्रसाद-बिसेसर युनाइटेड नेशनल कांग्रेस (यूएनसी) का नेतृत्व करती हैं।
पुलिस ने कहा है कि वह "इस धमकी को गंभीरता से ले रही है और इसकी जांच कर रही है। फोन रिसीव करने वाले यूएनसी के अधिकारियों से बातचीत करने के बाद ऐसा लगता है कि यह धमकी वास्तविक है।"
प्रसाद-बिसेसर के पूर्वज उन 148,000 से अधिक श्रमिकों में शामिल थे, जो उत्तर प्रदेश और बिहार से वर्ष 1845 व 1917 के बीच गन्ने के खेतों में काम करने के लिए त्रिनिदाद एवं टोबैगो पहुंचे थे।
त्रिनिदाद एवं टोबैगो में चुनाव 24 मई को है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications