जम्मू एवं कश्मीर में 4 आतंवादी ढेर (लीड-1)
श्रीनगर/जम्मू, 8 मई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के रियासी और कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच शनिवार को हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ के दौरान चार आतंकवादी मारे गए।
जम्मू से लगभग 150 किलोमीटर उत्तर में महोरे गांव के घने जंगलों में चार घंटे से अधिक समय तक चली मुठभेड़ में एक सैनिक घायल हो गया।
आतंकवादियों के छुपे होने की गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने जंगली क्षेत्र को सील कर दिया। आतंकवादियों से आत्मसमर्पण करने के लिए कहे जाने पर उन्होंने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी।
एक पुलिस अधिकरी ने आईएएनएस को बताया, "चार घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया।" पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की पहचान नहीं हो पाई है।
उधर, राज्य के कुपवाड़ा जिले में शनिवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में भी दो आतंकवादी मारे गए।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शाहनगरी गांव में आतंकवादियों के छुपे होने की सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों ने उस इलाके को घेर लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया, "आतंकवादियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया जवाब में उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। यह मुठभेड़ लगभग आठ घंटे तक चली।"
मुठभेड़ के दौरान दो आतंकवादी मारे गए। मारे गए आतंकवादियों की पहचान नहीं की जा सकी है।
पुलिस के मुताबिक गोलाबारी रोक दी गई है और पुलिस तथा राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया हुआ है।
उल्लेखनीय है कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के शेखपुरा इलाके में शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के सात आतंकवादी मारे गए थे जबकि दो सैनिक शहीद हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications