सम्मान के नाम पर बहन के प्रेमी की हत्या (लीड-1)
पुलिस के अनुसार कूकड़ा गांव का रहने वाला अजित सैनी मुजफ्फरनगर के एक कॉलेज से व्यापार प्रबंधन में स्नातक (बीबीए) कर रहा था। शहर के बच्चन सिंह कालोनी की अंशू तोमर के साथ उसका प्रेम संबंध था। अंशू बड़ौत की रहने वाली है और यहां अपनी मौसी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। दोनों इसी माह शादी करने वाले थे। पिछले ढाई महीने के दौरान दोनों दो बार घर से भाग चुके थे।
एक सप्ताह पहले अजित पुणे जाने के लिए मुजफ्फरनगर आया हुआ था। उसे पुणे में किसी नए पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना था। जब वह पुणे नहीं पहुंचा तो घरवाले परेशान हो गए। इसी बीच पुलिस ने नई मंडी के शांतिनगर क्षेत्र से नागरिकों की सूचना पर मिट्टी में दबी एक युवक का शव बरामद किया। इस युवक का हाथ-पैर काटकर उसकी हत्या की गई थी और शव को मिट्टी में दबा दिया गया था।
युवक की शिनाख्त अजित के रूप में हुई और उसके परिवारवालों की शिकायत पर लड़की के पिता और भाई को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
लड़की के भाई अनुज ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने सामाजिक सम्मान के लिए अजित को काट-काट कर मार डाला।
अनुज ने कहा कि दोनों अलग-अलग जाति के थे। हमने कई बार समझाया था लेकिन वे नहीं माने। सामाजिक मान-सम्मान के लिए हमने लड़के को काटकर मार डाला।
मुजफ्फरनगर के क्षेत्राधिकारी (शहर) शशि शेखर सिंह ने कहा कि प्रेम प्रसंग के कारण ही युवक की हत्या हुई है। हमने दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
पूछताछ में लड़की के परिवारवाले अंशु के बारे में कुछ नहीं बता रहे हैं। अंशु की खोज में पुलिस उसके रिश्तेदारों के यहां छापे मार रही है।
पुलिस को आशंका है कि शायद लड़की को भी मारकर उसका शव कहीं दूर छिपा दिया गया है या नदी में फेंक दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications