उत्तर भारत में आंधी और ओलावृष्टि की आशंका (राउंडअप)
आईएमडी के अनुसार पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले 24 घंटों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की आशंका है। केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप, अंडमान निकोबार द्वीप और आंध्र प्रदेश में भी बारिश की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान मध्य, पूर्व और पश्चिमोत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में बदलाव के आसार नहीं हैं।
उधर, उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की गई। कई इलाकों में अधिकतम तापमान औसत से चार से 12 डिग्री कम रिकार्ड किया गया। बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के कई इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश भी हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार पिछले 24 घंटों में हरियाणा के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान औसत से चार से 12 डिग्री कम, उत्तर प्रदेश में छह से 10 डिग्री, उत्तराखण्ड में पांच से नौ डिग्री , पंजाब में तीन से पांच डिग्री, जम्मू एवं कश्मीर व हिमाचल प्रदेश में तीन से पांच डिग्री और झारखण्ड में दो से पांच डिग्री कम रिकार्ड किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान देश का सबसे गर्म स्थान ब्रह्मपुरी (महाराष्ट्र) रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश के बाद भी अधिकतम तापमान में कमी नहीं आई। मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार भोपाल मे अधिकतम तापमान 42.2, इंदौर मे 41, ग्वालियर में 42.1 और जबलपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
बिहार के अधिकांश इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में शनिवार को बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में बारिश के भी आसार हैं। पटना में शुक्रवार को हुई बारिश की वजह से अधिकतम तापमान 35़ 7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने शनिवार को बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चण्डीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में धूल भरी आंधी और बारिश हो सकती है। इसके अलावा विभाग ने अगले 48 घंटों में बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर में बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*