कॉफी, शीतल पेय का आंतों के कैंसर में संबंध नहीं
वाशिंगटन, 8 मई (आईएएनएस)। बहुत अधिक कॉफी या कार्बोनेटिड शीतल पेय पीने और बड़ी आंत के कैंसर के बीच कोई संबंध नहीं होता। एक नए अध्ययन में यह स्पष्ट हुआ है।
पूर्व में हुए कुछ अध्ययनों में कहा गया था की कॉफी और शीतल पेय कैंसर के खतरे को कम कर सकते हैं जबकि कुछ अध्ययनों में यह भी कहा गया था कि ये कैंसर के खतरे को बढ़ा देते हैं।
उदाहरण के लिए चाय में एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो कि कैंसर से बचाव में मददगार हो सकते हैं लेकिन इसमें पॉलीएमीन्स भी होते हैं जो कैंसर को बढ़ा सकते हैं।
चीनी से भी मीठे शीतल पेय मोटापा और अन्य परेशानियां बढ़ा सकते हैं और इन स्थितियों में बड़ी आंत का कैंसर होने की आशंका बढ़ जाती है।
इस अध्ययन के लिए 'हार्वर्ड स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ' के झियोंग जांग और उनके साथियों ने उत्तर अमेरिका और यूरोप में हुए 13 अध्ययनों के आंकड़ों का विश्लेषण किया था।
अध्ययन में शामिल 731,441 में से 5,604 प्रतिभागियों को बड़ी आंत के कैंसर की शिकायत थी। जिन लोगों ने प्रति दिन ज्यादा कॉफी पी उनमें कॉफी न पीने वाले लोगों की अपेक्षा कैंसर की आशंका अधिक नहीं देखी गई।
इसी तरह प्रतिदिन शीतल पेय की अधिक मात्रा लेने वालों में भी बड़ी आंत के कैंसर का अधिक खतरा नहीं देखा गया।
शोधकर्ताओं का कहना है कि कॉफी या पेय पदार्थो के सेवन और बड़ी आंत के कैंसर के खतरे के बीच कोई संबंध नहीं है जबकि चाय का अधिक सेवन इसके लिए खतरनाक हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications