जनगणना अधिकारियों से सहयोग करें तिब्बती : दलाई लामा
धर्मशाला, 8 मई (आईएएनएस)। दलाई लामा ने भारत में रह रहे तिब्बती समुदाय के लोगों से जनगणना अधिकारियों के साथ सहयोग करने की अपील की है।
दलाई लामा के कार्यालय में संयुक्त सचिव तेंजिन ताकल्हा ने शनिवार को आईएएनएस से कहा, "दलाई लामा ने सभी निर्वासित (भारत में) तिब्बतियों से जनगणना कार्य पूरा करने में अधिकारियों की मदद करने की अपील की है।"
तेंजिन ने बताया कि खुद दलाई लामा ने शुक्रवार को उनके पास पहुंचे जनगणना अधिकारियों को सभी जानकारियां दे दी हैं।
कांगड़ा जिले के उपायुक्त आर. एस. गुप्ता ने बताया कि देश में पिछले छह महीने या इससे लंबे समय से रह रहे सभी तिब्बतियों को जनगणना में शामिल किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश में जनगणना कार्यो के निदेशक बलबीर तेगता ने कहा, "यह जरूरी है कि भारत में छह महीने से अधिक समय से रह रहे सभी लोग खुद को पंजीकृत कराएं।"
दलाई लामा उनकी मातृभूमि से निर्वासन के बाद से ही 1959 से भारत में रह रहे हैं। करीब 34,000 तिब्बती शरणार्थी हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 14 बस्तियों में रह रहे हैं। भारत में करीब 100,000 तिब्बती बसे हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications