उत्तर प्रदेश का जौनपुर आंधी से तबाह ,9 मरे
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शुक्रवार को आई तेज आंधी में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए। जिले के सदर, बदलापुर, केराकत और जलालपुर इलाकों में आई तेज आंधी के चलते बड़ी संख्या में पेड़ उखड़ने, झोपड़ियों के ढहने और मकान गिरने से इन लोगों की मौत हुई है।
जौनपुर के जिलाधिकारी के मुताबिक "अब तक हमें जो जानकारी मिली है उसके अनुसार नौ लोगों की मौत होने की बात सामने आई है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव का कार्य जारी है।" उन्होंने कहा कि अभी तक विभिन्न हादसों में घायल हुए करीब 30 लोगों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों में एक-दो लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
सदर इलाके में पेड़ के नीचे दबने से सबसे ज्यादा पांच लोगों की मौतें हुईं हैं। बदलापुर और केराकत इलाके में मकान की छत गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। जिलाधिकारी ने मारे गए लोगों के परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। इसके अलावा जिन लोगों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं प्रशासन उन्हें भी मदद करेगा।













Click it and Unblock the Notifications