कश्मीर में मुठभेड़, छह मारे गए

अल्ताफ़ हुसैन, बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
भारत प्रशासित कश्मीर में बरामुला ज़िले के हाप्तनार जंगलों में हुई एक मुठभेड़ में चार चरमपंथी और दो सैनिक मारे गए हैं. सेना के प्रवाक्ता लेफ़्टिनेंट कर्नल जेएस बरार ने बीबीसी को बताया, "ये घटना श्रीनगर के उत्तर में स्थित हाप्तनार जंगलों में हुई जहाँ गुरूवार शाम को गोलीबारी शुरू हई." ख़बर छापे जाने के समय तक गोलीबारी जारी थी.
इस हफ़्ते भारतीय सेना और चरमपंथियों के बीच ये गोलीबारी की दूसरी घटना है. इसी सप्ताह मंगलवार की शाम को बांदीपोरा ज़िले में हुई गोलीबारी में सेना के एक मेजर योगेंद्र राजबर और एक सैनिक मारे गए थे. भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने कश्मीर के लिए वर्ष 2010 को 'काफ़ी ख़तरनाक' बताया है. उनका दावा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच नियंत्रण रेखा से सैकड़ों चरमपंथी घुसपैठ करने का इंतज़ार कर रहे हैं. हाल में श्रीनगर में सेना मुख्यालय में तैनात एक अधिकारी ने इसे 'हॉट समर' की संज्ञा दी थी.












Click it and Unblock the Notifications