ब्रिटेन में नहीं चला क्लेग का जादू
लंदन, 7 मई (आईएएनएस)। ब्रिटेन में चुनाव प्रचार के दौरान दिखाई दिया लिरबल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता निक क्लेग का जलवा मतों में तब्दील नहीं हो पाया। खुद पार्टी ने भी इसे स्वीकार किया है।
पार्टी 50 सीटों के आसपास सिमटती दिख रही है जबकि उसे कहीं ज्यादा की उम्मीद थी। चुनाव बाद आए सर्वेक्षण में उसे 59 सीटें मिलने की संभावना जताई गई थी।
स्थानीय समाचार पत्र 'द गार्जियन' के अनुसार क्लेग के सहयोगी डैनी अलेक्जेंडर ने कहा कि उनकी पार्टी के बारे में 'अपरिपक्व चुनावी कयास' लगाए गए थे।
पार्टी के मशहूर सांसद लेम्बिट ओपिक भी हार का सामना करना पड़ा है। लिबरल डेमोक्रेट का यह भी मानना है कि मतदाताओं में शायद त्रिशंकु संसद का डर बैठ गया था और इसीलिए पार्टी को नुकसान हुआ है।
वैसे त्रिशंकु संसद की संभावना को देखते हुए क्लेग 'किंगमेकर' की भूमिका निभा सकते हैं। चुनाव बाद आए सर्वेक्षण में साफ तौर पर कहा गया है कि किसी भी पार्टी को हाउस कॉमन में स्पष्ट बहुमत नहीं मिलेगा हालांकि मुख्य विपक्षी कंजरवेटिव पार्टी के सबसे बड़े दल के रूप में उभरने की संभावना है।
ऐसे में अगर यह सर्वेक्षण सही साबित होता है तो क्लेग ही इस बात का फैसला करेंगे कि '10 डाउनिंग स्ट्रीट' (प्रधानमंत्री कार्यालय एवं आवास) में कौन पहुंचेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications