महेश्वर परियोजना पर लगी रोक हटाने को केंद्र राजी
दिल्ली में प्रदेश के मुख्य सचिव अवनि वैश्य के साथ हुई बैठक में प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव टी.के.नायर ने परियोजना के कार्य को आगे बढ़ाने पर रजामंदी जाहिर कर दी।
आधिकारिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार नायर ने कहा कि महेश्वर परियोजना पर लगी रेाक जल्दी हटाई जाएगी ताकि गेट लगाने का अधूरा कार्य पूरा हो सके। शेष कार्य की अनुमति के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय में अगले सप्ताह फिर बैठक होगी।
मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है।
मालूम हो कि केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय द्वारा लगाई गई रोक के कारण महेश्वर परियोजना का कार्य अधूरा पड़ा था।
इस मसले पर राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात कर वन व पर्यावरण मंत्रालय द्वारा महेश्वर परियोजना पर रोक लगाए जाने का जिक्र करते हुए कहा था कि इस रोक के चलते 400 मेगावाट बिजली का उत्पादन प्रभावित होगा।
उल्लेखनीय है कि इस परियोजना से नवम्बर 2010 से 7.2 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन होना था जो नहीं हो पाएगा। इतना ही नहीं इंदौर व देवास को 36 करोड़ लीटर पानी प्रतिदिन उपलब्ध कराना था जो संभव नहीं हो पाएगा। इस योजना पर सरकार अब तक 300 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications