केंद्रीय विद्यालयों में सांसद कोटा बहाल (लीड-1)
नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने केंद्रीय विद्यालयों में छात्रों के प्रवेश से जुड़े सांसद कोटे को बहाल करने का निर्णय लिया है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने हालांकि अपने कोटे को छोड़ दिया है।
सिब्बल ने शुक्रवार को राज्यसभा में बताया कि सांसदों की मांग के मद्देनजर हमने यह निर्णय लिया है। अब सांसद फिर से दो छात्रों के प्रवेश की अनुशंसा कर सकते हैं। केंद्रीय विद्यालय संगठन की गुरुवार को हुई एक बैठक में यह फैसला लिया गया।
सिब्बल ने कहा, "हमने केंद्रीय विद्यालयों में सांसदों के कोटे से दो छात्रों के प्रवेश को बहाल करने का फैसला किया है परंतु यहां मैंने स्वयं का मंत्री व सांसद कोटा दोनों छोड़ दिए हैं।"
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शासनकाल के दौरान केंद्रीय विद्यालयों में सांसदों के कोटे की प्रक्रिया शुरू की गई थी लेकिन अनियमितताओं को देखते हुए बाद में इसे वापस ले लिया गया।
पिछले दो हफ्तों के दौरान संसद के दोनों सदनों के सदस्यों ने इसे दोबारा बहाल करने की जोरदार मांग उठाई थी।
केंद्रीय विद्यालयों की कार्यकारिणी के अध्यक्ष सिब्बल निष्पक्ष प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए कोटा प्रणाली को खत्म करने के पक्षधर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications