बिहार में आंधी से 12 की मौत, मुआवजा घोषित (लीड-1)
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव ब्यासजी ने बताया कि विभाग आंधी में हुई मौत के शिकार लोगों के परिजनों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये देगा। इसमें एक लाख रुपए राज्य सरकार द्वारा जबकि 50000 रुपए मुख्यमंत्री राहत कोष से दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि तेज आंधी का सबसे अधिक प्रभाव पटना समेत राज्य के कैमूर, रोहतास, गया, औरंगाबाद, नालंदा तथा जहानाबाद जिलों में पड़ा।
एक अन्य अधिकारी के मुताबिक राज्य में आंधी के कारण कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। कैमूर के हाताबाजार में एक निजी विद्यालय का एक दीवार गिरने से तीन छात्रों की मौत हो गई जबकि मोहनिया में तीन लोगों की मौत होने की सूचना है।
इधर, नालंदा के राजगीर में एक दीवार गिर जाने से एक साधु की मौत हो गई जबकि पुरैनी गांव में एक व्यक्ति की मौत घर की दीवार गिरने से हो गई। इसके अलावा गया में दो तथा रोहतास और खगड़िया में एक-एक व्यक्ति के मौत होने की खबर है।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार इस आंधी के कारण राज्य में करीब 100 मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। तेज आई हवा से राजगीर में लगे मलमास मेले में लगे कई तंबू उखड़ गए जिससे मेले में अफरा-तफरी मच गयी।
गौरतलब है कि पटना मौसम विभाग ने पूर्व में ही राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा चलने और बारिश होने का पूर्वानुमान किया था।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने पूर्णिया, अररिया, किशनगंज और सुपौल जिले में तूफान के कारण 82 लोगों की मौत हो गई थी तथा 1,00,000 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications