बिहार में आंधी से 12 की मौत
पटना, 7 मई (आईएएनएस)। बिहार के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार को तेज आंधी की चपेट में आने से 12 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव व्यासजी ने बताया कि तेज आंधी का सबसे अधिक प्रभाव पटना समेत राज्य के कैमूर, रोहतास, गया, औरंगाबाद, नालंदा तथा जहानाबाद जिलों में पड़ा।
एक अन्य अधिकारी के अनुसार राज्य में आंधी के कारण कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। कैमूर के हाताबाजार में एक निजी विद्यालय की एक दीवार गिरने से तीन छात्रों की मौत हो गई। वहीं मोहनिया में भी तीन लोगों की मौत की सूचना है।
नालंदा के राजगीर में एक दीवार गिर जाने से एक साधु की मौत हो गई जबकि पुरैनी गांव में एक व्यक्ति घर की दीवार गिर जाने से मारा गया। इसके अलावा गया में दो तथा रोहतास और खगड़िया में एक-एक व्यक्ति की मौत होने की खबर है।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार इस आंधी के कारण राज्य में करीब 100 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। तेज हवा के कारण राजगीर के मलमास मेले में लगे कई तंबू उखड़ गये जिससे मेले में अफरा-तफरी मच गई।
पटना मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना जताई थी।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने पूर्णिया, अररिया, किशनगंज और सुपौल जिले में आए तूफान के कारण 82 लोगों की मौत हो गई थी और 1,00,000 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications