कश्मीर में मुठभेड़, 5 आतंकवादी ढेर (लीड-2)
बारामूला जिले के शेखपोरा इलाके में गुरुवार रात को हुई मुठभेड़ में पांच आतंकवादी मारे गए। मुठभेड़ लगभग 12 घंटे तक चली थी।
पुलिस उप महानिरीक्षक ए.क्यू.मनहास ने कहा कि मुठभेड़ में मारे गए सभी आतंकवादी जैश से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि पांचों आतंकवादियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस महानिरीक्षक फारुक अहमद ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि शेखपोरा के वन क्षेत्र में गुरुवार देर रात आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ हुई थी, जिसमें पांच आतंकवादी मारे गए और दो जवान शहीद हो गए।
अहमद ने कहा कि पुलिस को वन क्षेत्र में आतंकवादियों के छुपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस और सेना ने संयुक्त कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों की गोलीबारी के बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की। इलाके में आतंकवादियों की धड़पकड़ के लिए खोज अभियान जारी है।
मुठभेड़ में सेना के एक लांस नायक और नायक शहीद हो गए। मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादियों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
उत्तरी कश्मीर में दो दिन पूर्व भी आतंकवादियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें एक मेजर और एक जवान शहीद हो गए थे।
सेना और खुफिया विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सीमा पार से कई आतंकवादी घुसपैठ की कोशिश में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications