नहीं रही एचआईवी पीड़ित बेंसी
बेंसी को पिछले सप्ताह हालत बिगड़ने पर तिरूवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। उसका वजन घटकर 16 किलोग्राम रह गया था। उसकी मौत गुरुवार को हो गई।
बेंसी की दादी साल्लंमा ने आईएएनएस को बताया, "बेंसी का अंतिम संस्कार मुंबई से उसके चाचा और परिवारवालों के आने के बाद किया जाएगा। उसके चाचा शुक्रवार को पहुंच रहे हैं जबकि उनकी पत्नी शनिवार को आएंगी। अंतिम संस्कार शनिवार को होने की संभावना है।"
बेंसी और उसके छोटे भाई बेंसन को एड्स की बीमारी उनके माता-पिता से विरासत में मिली थी, जिनकी मौत कुछ साल पहले हो चुकी है। दोनों बच्चों की देखभाल उनकी 56 वर्षीय दादी कर रही थीं।
गौरतलब है कि बेंसी और बेंसन एक सरकारी स्कूल में पढ़ते थे जिन्हें एड्स रोग से पीड़ित होने के कारण स्कूल से निकाल दिया गया, जिसके बाद दोनों ने स्कूल में पढ़ने के लिए काफी संघर्ष किया था।
बच्चों के दादा ने तत्कालीन मुख्यमंत्री ए. के. एंटनी से मुलाकात कर उनसे बच्चों को स्कूल से न निकाले जाने के लिए दखल देने को कहा था। दो साल बाद 2004 में बच्चों को एक सरकारी स्कूल में दाखिला मिला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications