अफगानिस्तान में विस्फोट, नागरिक की मौत
खोस्त, 3 मई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के खोस्त प्रांत में सोमवार सुबह अमेरिकी सैन्य शिविर के समीप हुए आत्मघाती कार बम विस्फोट में एक नागरिक की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने प्रांत के पुलिस प्रमुख अब्दुल कयूम इस्काजी के हवाले से खबर दी है कि खोस्त शहर के चापमान शिविर के समीप सोमवार सुबह हुए आत्मघाती हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। कयूम के मुताबिक यह आत्मघाती हमला अफगानी सैनिकों को निशाना बनाकर किया गया था।
अफगानिस्तान के आंतरिक मंत्रालय ने शहर में हुए कार आत्मघाती हमले की पुष्टि की है जबकि इस हमले में मंत्रालय की तरफ से किसी के मारे जाने की पुष्टि नहीं की गई है। मंत्रालय के अनुसार इस हमले में एक नागरिक और दो गार्ड घायल हुए हैं।
उधर, खुद को आतंकवादी संगठन का सदस्य बताने वाले जबिउल्लाह मुजाहिद ने अज्ञात स्थल से फोन कर मीडिया को बताया कि नाटो सेनाओं के वाहन को निशाना बनाकर तालिबान आतंकवादियों द्वारा कार विस्फोट किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications