ओबामा का तेल रिसाव रोकने के लिए सतत प्रयास का वादा (लीड-1)
लुसियाना, 3 मई (आईएएनएस)। मेक्सिको की खाड़ी में फैल रहे तेल को रोकने के उपायों का निरीक्षण करने लुसियाना पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने रविवार को बड़े पैमाने पर और संभावित आपदा की चेतावनी दी। यह तेल रिसाव लुसियाना के तट के 14 किलोमीटर क्षेत्र तक फैल चुका है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक राष्ट्रपति एयर फोर्स वन विमान से न्यू ओरलिंस पहुंचें। वहां से वेनिस पहुंचने के बाद ओबामा ने कहा, "जो भी नुकसान हुआ है उसकी भरपाई के लिए हम कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।"
उन्होंने कहा, "पहले ही दिन से हम गंभीर स्थिति से निपटने को तैयार हैं और अपनी रणनीति बना रहे हैं। हमें सब कुछ ठीक हो जाने की उम्मीद है।"
ओबामा ने कहा कि उनका प्रशासन तब तक चैन से नहीं बैठेगा जब तक कि रिसाव के स्रोत को रोक नहीं लिया जाता और लोग अपने रोजमर्रा के जिंदगी की ओर लौट नहीं जाते।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस तेल कुएं से यह रिसाव हुआ है, उसका संचालन करने वाली तेल कंपनी बीपी नुकसान का खर्च वहन करेगी। "रिसाव के लिए बीपी जिम्मेदार है। वही सारे भुगतान करेगी।"
उन्होंने तेल रिसाव रोकने के संदर्भ में अधिकारियों से वार्ता भी की। उल्लेखनीय है कि गहरे समुद्र में स्थित तेल कुएं में गत 20 अप्रैल को हुए विस्फोट के बाद मेक्सिको की खाड़ी में तेल का रिसाव लगातार फैल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications