कसाब के मुकदमे ने दिखाया कि भारत में कानून राज : चिदंबरम
मुंबई में विशेष न्यायाधीश एम.एल.ताहिलयानी के फैसले के बाद चिदंबरम ने संवाददाताओं से कहा, "फैसला अपने आप में पाकिस्तान के लिए संदेश है कि उन्हें भारत में आतंकवाद का निर्यात नहीं करना चाहिए। यदि उन्होंने ऐसा किया और आतंकवादी पकड़े गए तो हम उनको उदाहरणीय दंड देंगे।"
उन्होंने कहा, "हम संतुष्ट हैं कि कसाब को दोषी ठहराए जाने के साथ मुकदमा समाप्त हुआ। कसाब के खिलाफ साक्ष्य जुटाने और उसे पेश करने के लिए मैं जांच एजेंसियों और अभियोजन को बधाई देता हूं,जिसके कारण उसे दोषी ठहराया गया।"
कसाब को दोषी ठहराने के साथ ही अदालत ने दो अन्य आरोपियों फहीम अंसारी और सबाउद्दीन अहमद को बरी कर दिया।
चिदंबरम ने कहा कि दो आरोपियों के बरी होने ने दिखा दिया कि भारतीय न्यायिक प्रक्रिया "स्वतंत्र और अखंड" है।
उन्होंने जोर दिया कि यह एक खुला मुकदमा था और कसाब को अपने बचाव का पूरा मौका दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications