निरुपमा की मां गिरफ्तार, पिता और भाई से पूछताछ (लीड-1)
झारखण्ड के कोडरमा स्थित अपने आवास में 29 अप्रैल को निरुपमा मृत पाई गई थीं। इस बात की आशंका है कि उनकी हत्या की गई थी। निरुपमा के दोस्त दोषियों के लिए सख्त सजा की अपील कर रहे हैं।
निरुपमा (23) ने दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) से पत्रकारिता की पढ़ाई की थी। वह कथित तौर पर नई दिल्ली में एक युवक से प्रेम करती थीं। वह 19 अप्रैल को कोडरमा आई थी और उन्हें 28 अप्रैल को दिल्ली लौटना था। कहा जा रहा है कि निरुपमा के प्रेम संबंधों से उसके अभिभावक नाराज थे।
कोडरमा के पुलिस अधीक्षक जी. क्रांति कुमार ने आईएएनएस से कहा कि निरुपमा की मां सुधा देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा, "यह गिरफ्तारी सबूतों के आधार पर हुई है। हम निरुपमा के पिता और भाई से पूछताछ कर रहे हैं।"
कुमार ने कहा, "निरुपमा के अभिभावक लगातार बयान बदल रहे हैं। पहले उनकी मां ने कहा कि करंट लगने से निरुपमा की मौत हुई। बाद में उन लोगों ने एक सुसाइड नोट पेश किया और कहा कि उसने पंखे में लटकर खुदकुशी कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार निरुपमा की हत्या दम घुटने से हुई थी, साथ ही वह 10-12 हफ्ते की गर्भवती भी थी।"
निरुपमा की मौत मामले में उनके लगभग 50 दोस्तों ने सोमवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष गिरिजा व्यास से मुलाकात की। आयोग की अध्यक्ष गिरिजा व्यास ने कहा, "निरुपमा की मौत के मामले में हमने कोडरमा जिला पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।" उन्होंने कहा कि इस मामले की सुनवाई त्वरित न्यायालय में होनी चाहिए।
आईआईएमसी में दिवंगत पत्रकार के साथ पढ़ाई कर चुके रणवीर सिंह ने कहा, "पहले दिन से ही इस बात को लेकर आशंका व्यक्त की जा रही थी कि निरुपमा के माता-पिता ने उसकी हत्या कर दी है। दरअसल वह अन्य जाति के एक लड़के से शादी करना चाहती थी। इस हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। "
निरुपमा की एक अन्य मित्र सुनीता ने कहा कि यदि यह 'सम्मान के लिए हत्या' है तो उसके अभिभावकों को सजा मिलनी चाहिए।
विभिन्न सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट पर भी निरुपमा की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय के लिए लोग अभियान चला रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications