अमरीका की ओर बढ़ता तेल का फैलाव

मियामी विश्वविद्यालय के हांस ग्रेबर का कहना है,''जैसी उम्मीद की जा रही थी, तेल उससे कहीं अधिक तेज़ी से फैल रहा है.'' नौ दिन पहले तेल कंपनी बीपी के एक तेल कुँए में आग लगने के बाद विस्फोट हुआ था जिसके बाद से वहाँ हर दिन कोई पाँच हज़ार बैरल तेल का रिसाव हो रहा है.
अमरीका के लुइज़ियाना प्रांत के गवर्नर बॉबी जिंदल ने कहा कि तेल कंपनी बीपी और अमरीकी कोस्ट गार्ड को अधिक तत्परता दिखानी चाहिए थी ताकि तटवर्ती इलाक़ों के समुद्री जीवन को बचाया जा सके. उल्लेखनीय है कि रविवार को राष्ट्रपति बराक ओबामा खुद इस क्षेत्र का सर्वेक्षण करने वाले हैं.
पिछले हफ़्ते राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा था कि इस स्थिति से निपटने के लिए 'हरसंभव संसाधन' का उपयोग किया जाएगा. इस रिसाव की वजह से पर्यावरण को भारी नुक़सान की आशंका जताई गई है. इससे निपटने के लिए अमरीकी नौसेना को तैनात किया गया है.
स्थिति गंभीर
लुइज़ियाना प्रांत के गवर्नर बॉबी जिंदल ने वहाँ आपात स्थिति की घोषणा कर दी है. उन्होंने रिस रहे तेल की सफ़ाई के लिए केंद्रीय कोष से धनराशि की माँग की है जिससे वहाँ छह हज़ार नेशनल गार्ड की तैनाती की जा सके. इस बात की आशंका व्यक्त की जा रही है कि तेल लुइज़ियाना प्रांत के दक्षिणी पूर्वी हिस्से की झीलों तक में पहुँच सकता है.
उधर लुइज़ियाना के बाद फ़्लोरिडा, अलबामा और मिसिसीपी राज्यों ने भी अपने यहाँ आपात स्थिति की घोषणा कर दी है. विशेषज्ञों का मानना है कि तेल के फैलाव के कारण मछली उद्योग से जुड़े लोगों की रोज़ीरोटी पर बुरा असर लंबे समय तक महसूस किया जाएगा.
इस बीच पशु संरक्षण से जुड़े संगठनों के अनुसार तेल में सने समुद्री पक्षियों को पशु चिकित्सा केंद्रों में पहुँचाने का काम शुरू हो चुका है. उल्लेखनीय है कि मैक्सिको की खाड़ी से लगा अमरीका का तटवर्ती इलाक़ा मछलियों और पक्षियों की सैंकड़ों विशेष प्रजातियों का घर है.












Click it and Unblock the Notifications