जाली नोटों के साथ 2 गिरफ्तार
चण्डीगढ़, 1 मई (आईएएनएस)। चण्डीगढ़ पुलिस ने संभ्रांत परिवारों से ताल्लुक रखने वाले दो युवकों को 20,000 रुपये मूल्य के जाली नोटों के साथ शुक्रवार रात को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक अमरदीप सिंह (25) और परगटजोत सिंह (23) को शुक्रवार रात गिरफ्तार किया गया। वे दोनों अमृतसर शहर के रहने वाले हैं।
जांच अधिकारी मल्कियत सिंह ने कहा, "दोनों सेक्टर 42 की तरफ से आ रहे थे। पुलिस को देखकर उन्होंने भागना शुरु कर दिया जिससे हमारा संदेह और बढ़ गया।"
पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनके पास से 50 और 100 रुपये के जाली नोट बरामद किए गए हैं। वे स्कैनर, कंप्यूटर और प्रिंटर का प्रयोग कर नकली नोट छापते थे। वे अपने साथ एक सीपीयू ले जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने जानकारी दी कि उन्होंने पहली बार नकली नोट छापे हैं लेकिन मोहाली स्थित उस घर की गहन तलाशी ली जाएगी जहां वे किरायेदार के रुप में रहते हैं।
गौरतलब है कि इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल कर चुका अमरदीप एक व्यवसायी का बेटा है जिसने उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने की योजना बनाई थी जबकि परगटजोत सिंह एक सरकारी अध्यापक का बेटा है और इंजीनियरिंग का छात्र रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications