वर्ल्ड एक्सपो 2010 के पहले दिन भारी भीड़
शंघाई, 1 मई (आईएएनएस)। चीन के शंघाई शहर में शुरू हुए वल्र्ड एक्सपो 2010 में शनिवार को भारी भीड़ जुट रही है। शुक्रवार रात को इसका उद्घाटन समारोह सम्पन्न हुआ।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार आयोजन स्थल का द्वार खुलने से पहले ही हजारों लोग पंक्ति बनाकर खड़े हो गए।
आयोजकों का लक्ष्य है कि कार्यक्रम में रोजाना करीब 400,000 लोग पहुंचे। छह महीने तक चलने वाला यह आयोजन 31 अक्टूबर को समाप्त होगा। आयोजकों का लक्ष्य है कि इस अवधि में करीब सात करोड़ लोग वर्ल्ड एक्सपो का भ्रमण करें।
उदघाटन समारोह के संबोधन में चीन के राष्ट्रपति हू जिन्ताओ ने वादा किया कि यह एक शानदार और अविस्मरणीय आयोजन साबित होगा। समारोह के दौरान 20 से अधिक देशों के प्रमुख मौजूद रहे।
यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष जोस मैनुएल बारेसो ने शनिवार को यूरोपीय संघ (ईयू) के पैवेलियन का उदघाटन करते हुए कहा कि यह समारोह चीन और यूरोपीय संघ के रिश्तों की निशानी है।
उन्होंने कहा कि ईयू चीन के साथ विशेष संबंधों के लिए वचनबद्ध है।
पांच वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में करीब 200 देशों और 50 संगठनों ने अपने मंडप स्थापित किए हैं।
विशेषज्ञों का आकलन है कि इस आयोजन में करीब 54 अरब डॉलर की लागत आई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications