भारत-पाकिस्तान सीमा पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम (लीड-1)
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात 11 बजे जम्मू से 45 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में सांबा सेक्टर की बलाद चौकी पर पाकिस्तानी रेंजरों की गोलाबारी की चपेट में आने के बाद बीएसएफ के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
बीएसएफ के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "यह आतंकवादियों का भारत में घुसपैठ का प्रयास था। गोलाबारी करीब 90 मिनट तक चली। बीएसएफ को घुसपैठ की कोशिश नाकाम करने में कामयाबी हासिल हुई।"
बीएसएफ अब तक एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पैर के निशान तलाश रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं कोई घुसपैठिया सीमा में दाखिल होने में सफल तो नहीं हो गया।
करीब पखवाड़ा भर पहले जम्मू एवं कश्मीर के कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में दो आतंकी घुसपैठ में सफल हो गए थे। बाद में वे दोनों पंजाब के गुरदासपुर जिले में पंजाब पुलिस की कार्रवाई में मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications